केंद्र के खिलाफ कांग्रेस की रैली


नई दिल्ली। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज रामलीला मैदान में कांग्रेस बड़े स्तर पर भारत बचाओ रैली आयोजित कर रही है। इसमें देशभर के हजारों कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं, जो देर रात ही दिल्ली पहुंच गए। रैली का उद्देश्य बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों को उजागर करना है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के तमाम राष्ट्रीय नेताओं समेत दिल्ली कांग्रेस के नेता भी मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं। आज सुबह राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित बीजेपी सरकार की तानाशाही, आईसीयू में पहुंचा दी गई अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में जनसभा को संबोधित करूंगा। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा कहते हैं कि बेरोजगारी, बेकारी, भूख, किसानों की बदहाली और आर्थिक मंदी की वजह से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस पार्टी उन लोगों की आवाज को उठा रही है। जो मौजूदा केंद्र सरकार की नीतियों से पीड़ित हैं।